बोल-बम के जयकारों के साथ सिसवा से उठा कांवड़ियों का जत्था, सोमवार को हरपुर पकड़ी में होगा महाजलाभिषेक

रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल, ब्यूरो चीफ- महाराजगंज

त्रिवेणी नदी से जल भरकर पदयात्रा करते हुए लौटेंगे कांवड़िए, सिसवा में की गई है विश्राम की व्यवस्था

महराजगंज (सिसवा):

सावन के अंतिम सोमवारी को लेकर सिसवा क्षेत्र में शिव भक्ति का माहौल बन गया है। हरपुर पकड़ी स्थित बउरहवा बाबा धाम पर जलाभिषेक के लिए शनिवार को सिसवा नगर और आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में कांवड़िए नेपाल के लिए निकल पड़े।

शनिवार सुबह से ही नगर में अलग-अलग टोलियों में कांवड़िए जुटने लगे थे। भगवा वस्त्र धारण किए युवाओं से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक में गजब का उत्साह दिखा। डीजे और ढोल-नगाड़ों के बीच ‘बोल बम’ के नारों से पूरा कस्बा गूंज उठा। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने जत्थे का स्वागत कर हौसला बढ़ाया।

बताया जा रहा है कि श्रद्धालु अपने-अपने साधन से नेपाल के त्रिवेणी धाम तक जाएंगे। कुछ लोग ट्रेन-बस से तो कई पैदल ही त्रिवेणी पहुंचेंगे। वहां त्रिवेणी नदी से जल लेने के बाद सभी कांवड़िए रविवार को पैदल यात्रा करते हुए वापस सिसवा लौटेंगे।

सिसवा में लौटने वाले कांवड़ियों के रुकने के लिए कई जगहों पर व्यवस्था की गई है। रात में विश्राम के बाद सोमवार सुबह तड़के सभी श्रद्धालु बउरहवा बाबा मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे और विधि-विधान से बाबा का जलाभिषेक करेंगे।

अंतिम सोमवारी पर होने वाले इस जलाभिषेक को लेकर प्रशासन भी अलर्ट है। भीड़ को देखते हुए प्रमुख रास्तों और मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी है।