महराजगंज: सिसवा में RSS ने दिखाया दम, विजयादशमी उत्सव पर निकला भव्य पथ संचलन

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

शताब्दी वर्ष पर स्वयंसेवकों का शक्ति प्रदर्शन, नगर बना छावनी

MAHARAJGANJ (सिसवा)

विजयादशमी के पावन पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपनी ताकत और अनुशासन का भव्य प्रदर्शन सिसवा नगर में किया। संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में निकले इस विराट पथ संचलन को देखकर पूरा सिसवा भगवामय हो गया।

शनिवार शाम संघ के सैकड़ों स्वयंसेवक अपनी पूरी गणवेश – खाकी पैंट, सफेद शर्ट, काली टोपी और हाथ में दंड लेकर जब सड़कों पर निकले तो नजारा देखने लायक था। घोष की थाप पर एक ही लय में कदमताल करते स्वयंसेवकों ने राष्ट्रभक्ति का ऐसा जज्बा पेश किया कि देखने वाले देखते रह गए।

नगर में हुआ जगह-जगह भव्य स्वागत

पथ संचलन जैसे ही सिसवा के मुख्य चौराहा, स्टेशन रोड, सब्जी मंडी और पुरानी बाजार से होकर गुजरा, पहले से खड़े नगरवासियों ने भारत माता की जय और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ फूल बरसाने शुरू कर दिए। व्यापार मंडल, युवा संगठनों और मातृशक्ति ने जगह-जगह आरती उतार कर, पुष्पवर्षा कर और शीतल जल पिलाकर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।

बता दें कि विजयादशमी के दिन ही वर्ष 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी ने संघ की स्थापना की थी, इसलिए यह दिन संघ के लिए स्थापना दिवस के रूप में सबसे बड़ा उत्सव होता है। इस दिन शस्त्र पूजन और शक्ति प्रदर्शन की परंपरा रही है।

इस अवसर पर जिला और नगर के वरिष्ठ प्रचारकों ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ 100 वर्ष से अधिक समय से राष्ट्र निर्माण, सनातन संस्कृति की रक्षा और समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा है।

संचलन में सिसवा नगर के सैकड़ों स्वयंसेवकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। अंत में भारत माता की आरती और प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मौके पर पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा।