दशहरा-दुर्गा पूजा पर सिसवा में हाई अलर्ट: आधी रात तक सड़कों पर डटे रहे SDM-CO, दुर्गा पंडालों से लेकर विसर्जन घाट तक लिया सुरक्षा का जायजा

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

सिसवा बाजार में प्रशासन का शक्ति प्रदर्शन, पंडाल आयोजकों को दिए सख्त निर्देश – लापरवाही बर्दाश्त नहीं

MAHARAJGANJ (सिसवा) 

आगामी महापर्व दशहरा, दुर्गा पूजा और दीपावली को लेकर महराजगंज जिले का सिसवा बाजार इस समय पूरी तरह से हाई अलर्ट पर है। त्योहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है।

 

इसी क्रम में बीती रात कस्बा सिसवा बाजार में प्रशासन का बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। उप जिलाधिकारी महोदय निचलौल, क्षेत्राधिकारी महोदय निचलौल, अधिशासी अधिकारी महोदय नगर पालिका सिसवा और तहसीलदार महोदय निचलौल के संयुक्त नेतृत्व में देर शाम सायंकालीन गश्त और फ्लैग मार्च किया गया।

 

पंडाल-पंडाल जाकर परखी सुरक्षा व्यवस्था

 

अधिकारियों की टीम ने सिसवा बाजार के एक-एक दुर्गा पंडाल का बारीकी से भ्रमण किया। लाइटिंग, साउंड, भीड़ नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और बैरिकेडिंग की व्यवस्था को चेक किया गया। अधिकारियों ने सभी दुर्गा पूजा समितियों के आयोजकों को सख्त हिदायत दी कि सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

 

विसर्जन घाट पर आधी रात तक निरीक्षण

 

सिर्फ पंडाल ही नहीं, प्रशासन की टीम ने देर रात मूर्ति विसर्जन स्थल का भी औचक निरीक्षण किया। नदी घाट पर JCB मशीन लगाकर घाट को समतल और सुरक्षित बनाया जा रहा है। SDM साहब ने खुद खड़े होकर विसर्जन घाट की गहराई, रास्ते और लाइटिंग का जायजा लिया ताकि विसर्जन के दौरान कोई हादसा न हो।

 

अफसरों ने कहा – अराजकता फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

 

इस दौरान अधिकारियों ने साफ कहा कि त्योहार के दौरान हुड़दंग, नशेबाजी या अराजकता फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सादे कपड़ों में भी पुलिस की तैनाती की गई है। पूरे कस्बे में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है।

इस भ्रमण के दौरान कोठीभार और सिसवा पुलिस का पूरा अमला मौजूद रहा। प्रशासन की इस मुस्तैदी से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा और असामाजिक तत्वों में हड़कंप है।