सिसवा नगर में धूमधाम से निकला श्रीकृष्ण का डोल, झांकियों ने मोहा मन

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

गोपाल नगर से नगर भ्रमण कर लौटी शोभायात्रा, जनरेटर खराब होने से हुई देरी, पुलिस रही अलर्ट

महाराजगंज (सिसवा)

नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर रविवार को डोल शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धा और उत्साह से लबरेज यह शोभायात्रा पूरे नगर में आकर्षण का केन्द्र बनी रही। प्रशासन की सतर्कता से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।

शोभायात्रा की शुरुआत गोपाल नगर से हुई। वहाँ से हनुमान गढ़ी, पीएचसी सिसवा, पुनः हनुमान गढ़ी होते हुए गोपाल नगर, पुरानी पुलिस चौकी, रेलवे स्टेशन रोड, श्याम मंदिर और स्टेट बैंक चौक का भ्रमण करते हुए वापस गोपाल नगर में समाप्त हुई।

इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित सजीव झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के उद्घोष के साथ नाचते-गाते चल रहे थे। पूरा नगर ‘जय श्री कृष्णा’ के जयकारों से गूंज उठा।

शोभा यात्रा के दौरान गोपाल नगर एक कमेटी का जनरेटर अचानक खराब हो गया, जिससे शोभायात्रा अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से शुरू हो सकी। काफी देर तक प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था का इंतजार करना पड़ा। बाद में दूसरा जनरेटर मंगाने के बाद शोभायात्रा रवाना हो सकी।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, सिसवा चौकी इंचार्ज दिव्य प्रकाश मौर्य के साथ चौक, निचलौल और ठूठीबारी थाने की पुलिस बल तैनात रही। प्रशासनिक अमला पूरे रूट पर मुस्तैद रहा। स्थानीय लोगों के सहयोग से आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।