सिसवा के ऐतिहासिक भुअरी माई मंदिर में भरा नाली का गंदा पानी, 7 साल से अधूरी सड़क बनी श्राप

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ- महाराजगंज

2019 से अधूरी पड़ी नाली बनी मुसीबत, बारिश होते ही गोपाल नगर में घरों और मंदिर में घुसता है पानी !

घुटने भर पानी में चलने को मजबूर लोग, दुर्गा पूजा से पहले निर्माण की मांग

महाराजगंज (सिसवा)

नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के दावों की पोल खोलती ये 3 तस्वीरें वार्ड नंबर 19 शिवाजी नगर, गोपाल नगर की हैं।

पहली तस्वीर में सिसवा की मुख्य गली किसी नदी से कम नहीं लग रही। पूरी सड़क पर घुटने भर पानी भरा है।

दूसरी तस्वीर दिल को झकझोर देने वाली है। सिसवा की आस्था का केंद्र, सैकड़ों साल पुराना श्री श्री आदि शक्ति भुअरी माई मंदिर का पूरा परिसर नाली के गंदे पानी में डूब चुका है। जहां श्रद्धालुओं को माथा टेकना चाहिए, वहां गंदा पानी बह रहा है।

तीसरी तस्वीर इस नरक की गवाही है, जहां से स्थानीय लोगो को अपने ही मोहल्ले में घुटने भर गंदे पानी में घुसकर निकलना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी दीपक सोनी, किशन मद्धेशिया, मितेश गोंड, दुर्गेश केशरी, ईश्वर मद्धेशिया, रंजीत केशरी, अनुराग चौरसिया ने बताया कि 2019 में इस गली की सड़क और नाली का काम शुरू हुआ था। ठेकेदार नाली को सड़क से 2 फीट ऊंची बनाकर भाग गया और तब से सड़क अधूरी है। नाली का सारा गंदा पानी सड़क पर और सड़क का पानी सीधे मंदिर और घरों में घुसता है।

आक्रोशित लोगों का कहना है कि नगर पालिका अध्यक्ष, सभासद, DM, IGRS और सांसद तक को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन सिर्फ कागज पर सफाई होती है। असली सफाई आज तक नहीं हुई।

अब नवरात्रि और सिसवा की प्रसिद्ध दुर्गा पूजा सिर पर है। अगर 15 दिन में इस सड़क का निर्माण और पानी निकासी नहीं हुई तो लाखों श्रद्धालुओं को इसी गंदे नाले से होकर माता के दरबार में जाना पड़ेगा।

वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर दुर्गा पूजा से पहले सड़क नहीं बनी तो पूरा वार्ड नगर पालिका का घेराव करेगा।