सिसवा में धूमधाम से निकली गणेश विसर्जन शोभायात्रा, सिसवा के महाराज समेत एक दर्जन प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

ढोल-नगाड़ों और डीजे की भक्ति धुनों पर झूमे श्रद्धालु, जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा, कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ डोल मेला

महाराजगंज (सिसवा)

गणपति महोत्सव के समापन पर शनिवार को सिसवा कस्बे में गणपति बप्पा की भव्य विसर्जन शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। सिसवा के महाराज समेत नगर व क्षेत्र में स्थापित करीब एक दर्जन गणेश प्रतिमाओं को आकर्षक झांकियों, ढोल-नगाड़ों और डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच नगर भ्रमण कराते हुए विसर्जन के लिए ले जाया गया।

नगर के चौक-चौराहों से गुजरी शोभायात्रा
प्रशासन द्वारा निर्धारित समय दोपहर करीब 3 बजे शोभायात्रा स्टेट चौक से शुरू हुई, जो हनुमानगढ़ी, सब्जी मंडी, गोपाल नगर, फलमंडी, अमरपुरवा, श्रीराम जानकी मंदिर रोड, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन रोड, सायर स्थान रोड और मस्जिदिया ढाला होते हुए खेखड़ा घाट पहुंची।

नगर में स्थापित हिंदू कल्याण मंच, हनुमानगढ़ी समिति, बाल विष्णु गणेश सेवा समिति सहित विभिन्न समितियों की गणेश प्रतिमाएं निर्धारित क्रम के अनुसार शोभायात्रा में शामिल हुईं। शोभायात्रा में सजी आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

डांडिया-गरबा और पुष्पवर्षा बनी आकर्षण
शोभायात्रा में सबसे खास रहा बालिकाओं और युवतियों द्वारा किया गया डांडिया व गरबा नृत्य। पारंपरिक परिधानों में सजी बालिकाओं के नृत्य पर लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। वहीं ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे पर बज रहे ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के भक्ति गीतों पर श्रद्धालु अबीर-गुलाल उड़ाते हुए झूमते नजर आए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने गणपति महाराज के दर्शन कर पुष्पवर्षा की और अगले बरस फिर आने की कामना के साथ भावभीनी विदाई दी।

खेखड़ा घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विसर्जन
देर शाम शोभायात्रा बीजापार स्थित नारायणी नदी की शाखा खेखड़ा घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ मेला, 6 थानों की फोर्स तैनात
गणेश विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। इस दौरान एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी, सीओ रविंद्र सिंह, कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, सिसवा चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य सहित कोठीभार, भिटौली, सिंदुरिया, ठूठीबारी, बरगदवां और परसा मलिक सहित 6 थानों की पुलिस फोर्स, महिला थाना और पीएसी के जवान नगर के चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे।