एसकेएसडी सिसवा ने रचा इतिहास: कक्षा 10वीं-11वीं के छात्र पहुंचे सीधे एमएमएमयूटी और एमपी पॉलिटेक्निक के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, इसरो के वैज्ञानिक से लिया भविष्य का मंत्र

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

किताबों से लैब तक – एसकेएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसवा बाजार का हाईटेक मिशन, ड्रोन से लेकर AI और सुपरकंप्यूटर तक देखा छात्रों ने

Maharajganj (सिसवा)

शिक्षा को किताबों की चारदीवारी से निकालकर भविष्य की तकनीक से जोड़ने की दिशा में एसकेएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसवा बाजार ने एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक पहल की। विद्यालय के कक्षा 10वीं एवं 11वीं के मेधावी विद्यार्थियों के दल ने पूर्वांचल के प्रतिष्ठित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), गोरखपुर तथा महाराणा प्रताप पॉलीटेक्निक के विश्वस्तरीय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शैक्षिक भ्रमण किया।

इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को रटने वाली शिक्षा से आगे ले जाकर ड्रोन टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और 3डी प्रिंटिंग जैसी भविष्य की तकनीकों का लाइव अनुभव कराना था।

एमएमएमयूटी में जब आसमान में उड़ा ड्रोन, तो खिल उठे छात्र –एमएमएमयूटी के अत्याधुनिक ड्रोन एवं आईओटी लैब में छात्रों ने न सिर्फ तकनीक को समझा, बल्कि ड्रोन के लाइव उड़ान प्रदर्शन को देखकर रोमांचित हो उठे। इस सत्र का सबसे गौरवशाली क्षण रहा जब छात्रों को मार्गदर्शन मिला भारत के गौरव, इसरो के पूर्व वैज्ञानिक एवं एमएमएमयूटी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विजय कुमार वर्मा का। डॉ. वर्मा ने छात्रों को विज्ञान, जिज्ञासा और नवाचार का मूलमंत्र देते हुए कहा कि “भविष्य उनका है जो आज सीखने की ललक रखते हैं।” पीएचडी शोधार्थी अंकित कुमार एवं प्रांजल पांडेय ने छात्रों की जिज्ञासाओं को शांत किया।

एमपी पॉलिटेक्निक में देखा सुपरकंप्यूटर का पॉवर –
इसके बाद छात्रों ने महाराणा प्रताप पॉलीटेक्निक के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में दुनिया की सबसे उन्नत तकनीकों का अवलोकन किया। यहाँ छात्रों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब, साइबर सिक्योरिटी लैब, 3डी प्रिंटिंग और सीएडी लैब तथा ड्रोन लैब को देखा। एनवीडिया के सुपरकंप्यूटर और उसकी अद्भुत क्षमता को देख छात्र हैरान रह गए।

इस अवसर पर महाराणा प्रताप ग्रुप के निदेशक प्रो. डॉ. सुधीर अग्रवाल ने छात्रों से आत्मीय संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।

यह पूरा शैक्षिक भ्रमण विद्यालय के दूरदर्शी प्रबंधक प्रशांत सिंह एवं प्रधानाचार्य दीपक जायसवाल के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। भ्रमण के दौरान शिक्षक शिव कुमार चौरसिया एवं छमा मैडम ने विद्यार्थियों का नेतृत्व किया।

भ्रमण दल में उत्कर्ष भालोटिया, रजत जायसवाल, संजीव जायसवाल, युग सिंह, गौरव सिंह, समृद्धि सिंह, अनुराग चौधरी, आयुष अग्रहरी, अंशिका पुरी, अपूर्वा जायसवाल सहित अन्य मेधावी छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि एसकेएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसवा बाजार अपने विद्यार्थियों को वैश्विक तकनीक से जोड़ने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।