- रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
- ब्यूरो चीफ-महाराजगंज
पैदल चलकर भर्ती होने गया था मरीज, मौत के बाद भड़के परिजन; पुलिस ने मोर्चा संभाला
महाराजगंज (नौतनवा)
जनपद के नौतनवा क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट अस्पताल पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगा है। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की अनदेखी के चलते एक मरीज की जान चली गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक अपनी जांच कराने के लिए खुद चलकर अस्पताल पहुंचा था। परिजनों ने बताया कि भर्ती होने के बाद उसकी स्थिति बिगड़ने लगी, लेकिन डॉक्टरों ने ध्यान नहीं दिया। समय पर सही दवा और इलाज न मिलने से उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पर इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि परिजन जो लिखित शिकायत देंगे और जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आएगी, उसी के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई तय की जाएगी। अगर अस्पताल की लापरवाही साबित होती है तो संबंधित डॉक्टरों और प्रबंधन के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

