रिपोर्ट: विकास जायसवाल, ब्यूरो चीफ, महाराजगंज
विराज रिसोर्ट में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम, प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा – अनुशासित युवा ही बनाएंगे आत्मनिर्भर भारत

सिसवा, महाराजगंज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के क्रम में सोमवार शाम सिसवा के विराज रिसोर्ट में युवा संवाद का आयोजन हुआ। ये संघ की 7 चरणों वाली श्रृंखला का छठा चरण था। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों युवा शामिल हुए।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। दीप गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश ने प्रज्वलित किया। इसके बाद स्थानीय भजन गायिका अंजलि गोंड ने “उठो जवानों” भजन गाकर उपस्थित लोगों में जोश भरा।
प्रांत प्रचारक रमेश ने मुख्य संबोधन में कहा कि “देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है। अगर युवा विचारवान, चरित्रवान और अनुशासित होंगे तो समाज की तस्वीर बदलने में देर नहीं लगेगी।” उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में लगाएं।
संवाद सत्र में युवाओं ने भी खुलकर अपने विचार रखे और कई सवाल पूछे। वक्ताओं ने बताया कि आज के दौर में युवाओं पर राष्ट्र और समाज की जिम्मेदारी सबसे ज्यादा है।
अंत में सभी युवाओं ने देश और समाज के लिए काम करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम से युवाओं में नई चेतना और ऊर्जा देखने को मिली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गौरव अग्रवाल ने की जबकि संचालन जीवेश मिश्रा ने किया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल, जिला प्रचारक विनय, जिला कार्यवाह शिवचरण वर्मा, नगर कार्यवाह मोहनलाल, मनीष पांडेय, ज्योतिष मणि त्रिपाठी, नीरज तिवारी, शशिकला सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

