त्रिवेणी का अमृत लेकर सिसवा लौटे शिवभक्त, बोल-बम से गूंजा नगर; कल भोर में बउरहवा बाबा का होगा महाजलाभिषेक

रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल, ब्यूरो चीफ- महाराजगंज

गेरुआ रंग में रंगा सिसवा बाजार, जगह-जगह भंडारा और जागरण से भक्तिमय हुआ माहौल; प्रशासन अलर्ट

महराजगंज (सिसवा)

सावन के अंतिम सोमवार को होने वाले महाजलाभिषेक से एक दिन पहले सिसवा नगर पूरी तरह शिवमय हो गया है। नेपाल की पवित्र त्रिवेणी नदी से जल भरकर हजारों कांवड़ियों का विशाल जत्था रविवार शाम सिसवा नगर पालिका पहुंचा, जिसके साथ ही पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।

शाम ढलते ही नजारा देखते ही बन रहा था। गेरुआ वस्त्रों में हजारों शिवभक्त डीजे की धुन और शिव भजनों पर झूमते-नाचते नगर में प्रवेश कर रहे थे। सिसवा का चप्पा-चप्पा भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

नगर में जगह-जगह स्वागत और भंडारा

कांवड़ियों के स्वागत के लिए नगर में अभूतपूर्व तैयारी की गई है। सिसवा के प्रमुख स्थानों पर विश्राम, चिकित्सा और प्रसाद की व्यवस्था की गई है।

सबया स्थित चिरैयाकोट मंदिर में वर्षों पुरानी परंपरा को निभाते हुए भव्य भंडारे और ठहरने की उत्तम व्यवस्था रही। वहीं अमडीहा स्थित अशोक बंका के हाता, मां वनस्पति देवी मंदिर प्रांगण, गोपाल नगर, श्रीराम जानकी मंदिर, स्टेशन चौक, संस्कृत पाठशाला और जायसवाल नगर स्थित शिव मंदिर पर विशाल भंडारे के साथ-साथ भव्य शिव जागरण और आकर्षक झांकियों का आयोजन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस पूरी तरह चौकस है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है।

कल भोर में उठेगा जलाभिषेक के लिए जत्था

सोमवार की भोर होते ही सभी शिवभक्त अपने-अपने विश्राम स्थल से ढोल-नगाड़ों के साथ हरपुर पकड़ी स्थित बउरहवा बाबा धाम के लिए रवाना होंगे, जहां सावन के अंतिम सोमवार पर विधि-विधान से भगवान शिव का महाजलाभिषेक किया जाएगा।