जिस विद्यालय से सीखा, वहीं लौटकर युवा वैज्ञानिक ने जगाई विज्ञान की लौ – सेंट जोसेफ्स में पूर्व छात्र शुभम पाण्डेय का भव्य सम्मान

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

सिसवा बाजार के सेंट जोसेफ्स स्कूल के पूर्व छात्र शुभम पाण्डेय ने अपनी पुस्तकें ‘ब्रह्मांड’ और ‘भूमंडल’ विद्यालय को भेंट कीं, छात्रों को दिया सफलता का मंत्र

MAHARAJGANJ (सिसवा)

सेंट जोसेफ्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसवा बाजार में बुधवार को एक भावुक और गौरवशाली क्षण देखने को मिला, जब विद्यालय के पूर्व छात्र, युवा वैज्ञानिक एवं लेखक शुभम पाण्डेय अपने विद्यालय लौटे।

विद्यालय परिवार की ओर से चेयरमैन ओ. ए. जोसेफ, प्रबंधक बिंसी जोसेफ एवं प्रधानाचार्य बैजू चेरियन ने उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। विद्यालय प्रबंधन ने शुभम पाण्डेय को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर शुभम पाण्डेय ने अपनी दो प्रकाशित पुस्तकों * ‘ब्रह्मांड’ एवं ‘भूमंडल’ * की प्रतियाँ विद्यालय को भेंट कीं। पुस्तक ‘ब्रह्मांड’ मानव की खगोलीय जिज्ञासा से लेकर आधुनिक अंतरिक्ष युग तक की यात्रा पर केंद्रित है, वहीं ‘भूमंडल’ सुदूर संवेदन और GIS पर आधारित संदर्भ पुस्तक है।

प्रातःकालीन सभा में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए शुभम पाण्डेय ने कहा कि सफलता के लिए जिज्ञासा, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और परिश्रम सबसे जरूरी है। उन्होंने छात्रों से विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में रुचि विकसित करने का आह्वान किया।

अपनी पुस्तक में शुभम ने अपने गुरु फणींद्र कुमार मिश्र का भी विशेष उल्लेख किया है, जिन्होंने 9 वर्ष पूर्व ही भविष्यवाणी की थी कि वह वैज्ञानिक बनेंगे।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “अपने विद्यालय में वापस आना अपनी जड़ों से जुड़ने जैसा है। जिस विद्यालय से शिक्षा और संस्कार मिले, वहीं अपनी पुस्तकों के साथ लौटना मेरे लिए गर्व की बात है।”

इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।