एक्सीलेंस लाइब्रेरी एंड कोचिंग सेंटर एवं भारत स्काउट गाइड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ भव्य सम्मान समारोह, शिक्षा जगत के दिग्गजों ने की शिरकत

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

महराजगंज: सेवानिवृत्ति पर DIOS प्रदीप कुमार शर्मा को दी गई भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में छलका स्नेह और सम्मान

MAHARAJGANJ 

शिक्षा क्षेत्र में अपने सरल स्वभाव और उत्कृष्ट योगदान के लिए पहचाने जाने वाले जिला विद्यालय निरीक्षक एवं मुख्यायुक्त स्काउट गाइड प्रदीप कुमार शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

यह भव्य समारोह एक्सीलेंस लाइब्रेरी एंड कोचिंग सेंटर एवं भारत स्काउट गाइड उत्तर प्रदेश, जिला संस्था महराजगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में शिक्षकों, स्काउट-गाइड पदाधिकारियों, विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि प्रदीप कुमार शर्मा ने सरकारी सेवा की जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करते हुए शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिला सचिव भारत स्काउट गाइड ने कहा कि उनका कार्यकाल संस्था के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा से भरा रहा।

भावुक हुए प्रदीप कुमार शर्मा, दिया ये संदेश

अपने विदाई संबोधन में सेवानिवृत्त DIOS प्रदीप कुमार शर्मा भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “सरकारी सेवा की एक निर्धारित अवधि होती है, लेकिन विद्यार्थियों और समाज से जुड़ा रिश्ता कभी समाप्त नहीं होता। बच्चों के बीच बिताया गया समय मेरे सेवाकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है।”

उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

एक्सीलेंस लाइब्रेरी के निदेशक अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदीप कुमार शर्मा का लाइब्रेरी और विद्यार्थियों से विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा, “सेवानिवृत्ति सरकारी पद से होती है, लेकिन अच्छे व्यक्तित्व का प्रभाव और दिए गए संस्कार कभी सेवानिवृत्त नहीं होते।”

इस दौरान संचालन उमेश गुप्ता ने किया, जबकि रौशनी व सोनी रौनियार द्वारा प्रस्तुत विदाई गीत ने सभी को भावुक कर दिया। समारोह के अंत में जिले के अनेकों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

इस अवसर पर शशांक गुप्ता, नीलम त्रिपाठी, सुश्री मौसम, दीनदयाल शर्मा, समशाद अंसारी, विनय यादव, हरिकेश कुमार, अजय सैनी सहित स्काउट गाइड व लाइब्रेरी के सैकड़ों बच्चे मौजूद रहे।