विदेश भेजने के नाम पर 3.65 लाख की ठगी, पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी, कोर्ट के आदेश पर कोठीभार में FIR दर्ज

  1. रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  2. ब्यूरो चीफ महाराजगंज

भरोसे का कत्ल: पड़ोसी ने ही लूटा, पैसे मांगे तो बोला – जान से मार देंगे

महाराजगंज (सिसवा)

महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र से भरोसे का फायदा उठाकर लाखों की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नहछोरी गांव के एक व्यक्ति से उसी के पड़ोसी ने विदेश भेजने के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये से ज्यादा हड़प लिए। पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने जब नहीं सुनी तो पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर कोठीभार थाने में FIR दर्ज हुई है।

FIR के अनुसार क्या है पूरा मामला?

पीड़ित अतिउल्लाह निवासी नहछोरी ने पुलिस को बताया कि आरोपी सुकुरुल्लाह निवासी हेवती चौराहा, कोठीभार (वर्तमान पता – मुंबई) विदेश भेजने का काम करता है। करीब एक साल पहले वह उनके घर आया और ईमानदारी से काम करने का झांसा देकर भरोसा जीत लिया।

आरोप है कि आरोपी ने सितंबर से नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 3.65 लाख रुपये अपने Google Pay अकाउंट पर ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित ने इसका पूरा बैंक स्टेटमेंट कोर्ट में सबूत के तौर पर दिया है।

मार्च से फरार, पैसे मांगे तो दी धमकी

FIR में लिखा है कि मार्च 2026 में आरोपी ने हेवती वाला अपना ऑफिस बंद कर दिया और फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़ित की बेटी की शादी 15 जुलाई को थी, जिसके लिए उसे पैसों की सख्त जरूरत थी।

आरोप है कि 20 जुलाई 2026 को जब पीड़ित ने गांव में पैसे मांगे तो आरोपी अपने 3-4 साथियों के साथ गाली-गलौज करने लगा और बोला – “दोबारा फोन किया या पैसा मांगा तो जान से मार देंगे।”

SP से शिकायत, फिर कोर्ट का आदेश

पीड़ित ने 25 जुलाई को SP महराजगंज को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब उसने न्यायालय में वाद दायर किया। न्यायालय के आदेश (धारा 173(4) BNSS) पर थाना कोठीभार में FIR No. 0275/2026 दिनांक 09.09.2026 धारा 316(2)(5), 318(4), 352, 351(2)(3) BNS में केस दर्ज कर जांच SI योगेंद्र तिवारी को सौंपी गई है।

फिलहाल पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर जांच की बात कह रही है।