- रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
- ब्यूरो चीफ महाराजगंज
बनारसी कटरा में गांधी-शास्त्री जयंती पर नमन कर उठाई सिसवा को तहसील बनाने की पुरानी मांग, बोले – 2 लाख की आबादी को मिले अपना हक
MAHARAJGANJ (सिसवा)
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को सिसवा बाजार के बनारसी कटरा वार्ड में एक अनोखी पहल देखने को मिली।
यहाँ के युवा सभासद राजन विश्वकर्मा ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण और अगरबत्ती जलाकर नमन किया और इसके बाद सिसवा को तहसील बनाने की वर्षों पुरानी मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा।

इस मौके पर राजन विश्वकर्मा ने कहा कि सिसवा बाजार नगर पालिका है और लगभग 2 लाख की आबादी वाला एक बड़ा व्यावसायिक केंद्र है, लेकिन आज भी यहाँ के लोगों को तहसील के छोटे-छोटे कामों के लिए निचलौल जाना पड़ता है। सिसवा को तहसील का दर्जा मिलना यहाँ की जनता का हक है।

गांधी जयंती जैसे पावन दिन पर बापू को नमन करते हुए उन्होंने यह संकल्प लिया कि सिसवा तहसील बनने तक यह लड़ाई जारी रहेगी। इस दौरान कई स्थानीय व्यापारी व अन्य युवा मौजूद रहे और उन्होंने सभासद की इस पहल का समर्थन किया।

