महराजगंज: कोठीभार थाने में मिशन शक्ति का दिखा असर, सुलह के बाद खुशहाल परिवारों को किया गया सम्मानित

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत पुलिस की अनूठी पहल, पीड़ित महिलाओं ने कहा – “पुलिस ने सिर्फ सुना नहीं, हमारी जिंदगी संवार दी”

MAHARAJGANJ (सिसवा)

जनपद महराजगंज के थाना कोठीभार में चल रहे मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वर्दी सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि परिवारों को जोड़ने का भी काम करती है।

आज दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को थाना कोठीभार परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में उन परिवारों और महिलाओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जिनके लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवादों और शिकायतों को मिशन शक्ति टीम ने सुलझाकर उनका घर टूटने से बचाया था।

थाना कोठीभार की मिशन शक्ति टीम द्वारा इन परिवारों को माला पहनाकर और सम्मानित कर उनके सुखी वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

महिलाओं ने सुनाई आपबीती, पुलिस को दिया धन्यवाद

कार्यक्रम के दौरान जब टीम ने निस्तारित मामलों की महिलाओं से फीडबैक लिया तो माहौल भावुक हो गया। महिलाओं ने एक स्वर में बताया कि जब वे अपनी समस्या लेकर थाने आई थीं, तो उन्हें डर था, लेकिन मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मियों ने उनकी समस्या को एक मां और बहन की तरह विनम्रतापूर्वक सुना।

महिलाओं ने बताया, “हमें लगा था हमारी कोई नहीं सुनेगा, लेकिन टीम ने तुरंत कार्रवाई कर हमारे पति और ससुराल वालों को समझाया। आज हम अपने घर में खुश हैं। अगर मिशन शक्ति केंद्र नहीं होता तो हमारा परिवार बिखर जाता।” वर्तमान में सभी महिलाओं ने बताया कि उन्हें अब किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।

इस पहल से क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान के प्रति महिलाओं का भरोसा और भी मजबूत हुआ है। कोठीभार पुलिस की इस मानवीय पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।