CBS पब्लिक स्कूल विसोखोर में डांडिया की धूम, नन्हे-मुन्नों ने गरबा-डांडिया से मोहा मन

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

नर्सरी से कक्षा 6 तक के बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुति, माता के जयकारों से गूंजा विद्यालय परिसर

MAHARAJGANJ (सिसवा)

नवरात्रि के पावन पर्व पर आज दिनांक 17 अक्टूबर 2026, दिन शनिवार को सीबीएस पब्लिक स्कूल, विसोखोर, कटहरी बाजार, महराजगंज में भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया।

विद्यालय प्रांगण को नवरात्रि थीम पर विशेष रूप से सजाया गया था। सुबह से ही विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल था। दोपहर में जैसे ही डांडिया कार्यक्रम शुरू हुआ, पूरे परिसर में माता रानी के जयकारे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर बच्चे झूम उठे।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ दुर्गा की वंदना से हुई। इसके बाद कक्षा नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी से लेकर कक्षा 6 तक के बच्चों ने एक से बढ़कर एक डांडिया और गरबा नृत्य प्रस्तुत किए। छोटे-छोटे बच्चों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों – लहंगा-चुन्नी और कुर्ता-पायजामा में सज-धज कर ऐसा समा बांधा कि उपस्थित सभी अभिभावक और शिक्षक मंत्रमुग्ध हो गए। बच्चियों के हाथों में सजी डांडिया की छड़ियाँ और उनके चेहरे पर उत्साह देखते ही बन रहा था।

विद्यालय प्रबंधन रहा मौजूद

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री अरुण कुमार पाण्डेय ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बच्चों में हमारी संस्कृति और परंपरा के प्रति लगाव बढ़ता है। साथ ही उनमें आत्मविश्वास का विकास होता है।

विद्यालय के सह-निदेशक शरद पाण्डेय और रमेश पाण्डेय ने सभी बच्चों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रधानाचार्य मानव मेहता ने कहा कि सीबीएस पब्लिक स्कूल केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी जोर देता है। इसी कड़ी में आज का यह डांडिया महोत्सव आयोजित किया गया है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाएं कुलसुम, सीमा, रागिनी, काजल, सिद्धि, याशिका, सिद्धिदात्री, शालिनी, सपना, शिवानी, रानी तथा शिक्षक नंदू, आशीष, अशोक पाण्डेय, महेंद्र क्षेत्रीय, सिलास राय, नागेश्वर का विशेष सहयोग रहा। सभी शिक्षकों ने बच्चों को डांडिया सिखाने में कड़ी मेहनत की।

अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ किया गया।