- रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
- ब्यूरो चीफ महाराजगंज
सीओ रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में रविवार शाम सिसवा बाजार में हुआ भव्य फ्लैग मार्च, एसएचओ अखिलेश वर्मा और सिसवा चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य रहे मौजूद – अराजक तत्वों में मचा हड़कंप
Maharajganj (सिसवा)
आगामी गणेश चतुर्थी महापर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस ने रविवार को अपनी तैयारियों का दमदार ट्रेलर दिखा दिया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
इसी क्रम में रविवार शाम को थाना कोठीभार पुलिस द्वारा सिसवा नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में विशाल फ्लैग मार्च / पैदल गश्त का आयोजन किया गया।

सीओ ने संभाला मोर्चा, बुलेट प्रूफ जैकेट में दिखे जवान
फ्लैग मार्च का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिसवा रविंद्र कुमार सिंह ने किया। उनके साथ प्रभारी निरीक्षक थाना कोठीभार अखिलेश कुमार वर्मा, चौकी प्रभारी सिसवा दिव्य प्रकाश मौर्य सहित भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी के जवान और महिला पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
बुलेट प्रूफ जैकेट, हेलमेट, बॉडी कैमरा और दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस पुलिस जवानों ने सिसवा के मुख्य चौराहे, सब्जी मंडी, पुरानी बाजार, स्टेशन रोड और सभी संवेदनशील गलियों में कदम-ताल करते हुए पैदल गश्त किया। पुलिस के इस शक्ति प्रदर्शन को देखकर बाजार में मौजूद लोगों में सुरक्षा का जबरदस्त एहसास जगा, वहीं अराजक और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
सीओ ने दिया सख्त संदेश – हुड़दंग किया तो खैर नहीं
इस दौरान सीओ रविंद्र कुमार सिंह ने आम जनमानस और दुकानदारों से संवाद करते हुए अपील की कि गणेश उत्सव भाईचारे का पर्व है, इसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें। अगर कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत 112 नंबर या स्थानीय पुलिस को सूचना दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान नशा करके हुड़दंग मचाने वालों, डीजे पर अश्लील गाने बजाने वालों, अराजकता फैलाने वालों और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
पुलिस सूत्रों की मानें तो गणेश चतुर्थी के दौरान पंडालों और विसर्जन स्थलों पर ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। भारी पुलिस बल के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।


