- रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
- ब्यूरो चीफ महाराजगंज
वार्ड-3 सुभाष नगर में बनेगा आधुनिक बैंक्वेट हॉल, वार्ड-19 शिवाजी नगर में खुलेगा शिक्षा का नया द्वार — अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल के नेतृत्व में विकास को नई रफ्तार
MAHARAJGANJ (सिसवा)
नगर को सुंदर, सुसज्जित और सुविधायुक्त बनाने के अपने संकल्प को साकार करते हुए नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार ने आज विकास के क्षेत्र में एक और बड़ी छलांग लगाई है। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री गिरजेश जायसवाल के कर-कमलों द्वारा दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया गया।
पहली परियोजना के तहत वार्ड नं. 03 सुभाष नगर में एक भव्य एवं आधुनिक बैंक्वेट हॉल का निर्माण कराया जाएगा, जिससे नगर के लोगों को विवाह, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक उत्तम और सुलभ स्थान प्राप्त होगा।
वहीं दूसरी महत्वपूर्ण सौगात के रूप में वार्ड नं. 19 शिवाजी नगर कार्यालय परिसर में एक आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा, जो नगर के छात्र-छात्राओं और युवाओं के लिए ज्ञान का केंद्र बनेगी। इस लाइब्रेरी से शैक्षणिक माहौल को बढ़ावा मिलेगा और गरीब व मेधावी छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर संसाधन मिल सकेंगे।

शिलान्यास कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी विन्ध्याचल, सभासद रामसुरुज, जितेन्द्र वर्मा, हासिम अंसारी, मनोनीत सभासद मुन्ना गोंड हित समस्त सभासदगण, नगर के सम्मानित नागरिकगण एवं नगर पालिका के कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए अध्यक्ष प्रतिनिधि के विकास कार्यों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि, “सिसवा बाजार के चहुंमुखी विकास के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। बैंक्वेट हॉल और लाइब्रेरी सिर्फ इमारतें नहीं, बल्कि सामाजिक और शैक्षणिक विकास की नींव हैं। विकास की यह गति निरंतर जारी रहेगी।”


