बड़ी खबर : सिसवा बाजार में इस बार दुर्गा पूजा में दिखेगा तकनीक और भक्ति का संगम, श्री राम जानकी मंदिर ग्राउंड में 10 मिनट तक चलेगा स्वचालित चमत्कार

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

माँ दुर्गा की तीसरी आँख खुलेगी-बंद होगी, हिलेगा चेहरा, शिव-परिवार की स्वचालित प्रतिमाएं दिखाएंगी गणेश जन्म की लीला

MAHARAJGANJ (सिसवा)

नगर के ऐतिहासिक श्री राम जानकी मंदिर ग्राउंड में होने वाली दुर्गा पूजा इस बार इतिहास रचने जा रही है। श्री राम जानकी मंदिर समिति, सिसवा बाजार द्वारा इस साल पूजा को पिछले सभी वर्षों से कई गुना अधिक भव्य और अलौकिक रूप देने की तैयारी जोरों पर है। इस बार की थीम सिर्फ भक्ति नहीं, बल्कि तकनीक के माध्यम से भक्ति का साक्षात अनुभव कराना है।

क्या है इस बार का सबसे बड़ा आकर्षण?

समिति के अध्यक्ष मनोज केशरी ने बताया कि इस बार माँ दुर्गा की मुख्य प्रतिमा को विशेष रूप से स्वचालित (Fully Automatic) बनाया जा रहा है।

1. माँ का त्रिनेत्र चमत्कार: दर्शन के दौरान भक्तों को माँ दुर्गा की तीसरी आँख (त्रिनेत्र) अपने आप खुलती और बंद होती हुई दिखाई देगी। यह दृश्य इतना जीवंत होगा कि भक्तों को साक्षात माँ के जागृत होने का आभास होगा।
2. स्वचालित चेहरा: माँ का चेहरा भी सेंसर तकनीक से धीरे-धीरे हिलेगा, जिससे आशीर्वाद देती हुई माँ का अनुभव होगा।

10 मिनट का स्वचालित शो, – खुद चलेंगी प्रतिमाएं

इस बार समिति ने स्पष्ट किया है कि ये कोई आम इंसानों द्वारा की जाने वाली झांकी नहीं है। बल्कि आधुनिक तकनीक से बनी स्वचालित प्रतिमाओं (Automatic Robotic Statues) का 10 मिनट का शो होगा।

इस शो में भगवान शिव, माता पार्वती और प्रथम पूज्य श्री गणेश जी की सबसे प्रसिद्ध लीला का मंचन होगा। कहानी उस समय की है जब माता पार्वती स्नान करने जा रही थीं और उन्होंने अपने पुत्र बाल गणेश को द्वार पर पहरा देने को कहा। तभी भगवान शंकर वहाँ आए और बाल गणेश ने अपने ही पिता को अंदर जाने से रोक दिया। यही दिव्य प्रसंग स्वचालित प्रतिमाओं के माध्यम से चलता-फिरता और बोलता हुआ सा नजर आएगा। यह बच्चों और बड़ों सभी के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा।

मेले और सुरक्षा की भी भव्य तैयारी

पूजा के साथ-साथ लगने वाले विशाल मेले को भी भव्य रूप दिया जा रहा है। अध्यक्ष ने बताया कि ग्राउंड में बिहार, बंगाल और गोरखपुर तक से बड़े-बड़े झूले और मेले में लगने वाली दुकाने भी मेले की भव्यता को विशाल रूप देने वाली हैं।

भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए इस बार पूरे पंडाल परिसर को वाटरप्रूफ तीन-शेड (Tin-Shed) से कवर किया जा रहा है, ताकि बारिश होने पर भी दर्शन में कोई बाधा न आए और बिजली के उपकरण सुरक्षित रहें। साथ ही पंडाल में CCTV और स्वयंसेवकों की भी तैनाती रहेगी।

कुल मिलाकर श्री राम जानकी मंदिर ग्राउंड का यह दुर्गा पूजा महोत्सव इस बार पूरे महराजगंज जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और इसके भव्य होने की उम्मीद है।