- रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
- ब्यूरो चीफ महाराजगंज
नेहा कुमारी और प्रियंका शाह ने दिया सुरक्षा मंत्र, कहा- घर से भागने की गलती न करें बेटियां
MAHARAJGANJ (सिसवा)
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में चल रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत थाना कोठीभार पुलिस ने रविवार को ग्राम बड़हरा महंत में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया।

सम्मेलन में महिला उप निरीक्षक नेहा कुमारी और महिला कांस्टेबल प्रियंका शाह ने मौजूद 35 महिलाओं और बालिकाओं को महिला संबंधित अपराधों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को बताया कि छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या और बलात्कार जैसी घटनाओं से कैसे निपटा जाए। साथ ही साइबर अपराध से बचने के उपाय और हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 102, 181 के बारे में विस्तार से बताया गया।
पुलिस ने दिया ये खास संदेश:
टीम ने विशेष रूप से बालिकाओं को घर से भागने से होने वाले खतरों और समाज पर पड़ने वाले बुरे प्रभावों के बारे में समझाया। साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
गांव की महिलाओं ने कहा कि इस तरह की जानकारी मिलने से अब वो बिना डर और बिना थाने आए भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। महिलाओं ने इसे पुलिस की साहस बढ़ाने वाली पहल बताया।

