सिसवा में ईद-ए-मिलादुन्नबी पर निकला जुलूसे मोहम्मदी, मदरसा बच्चों ने पढ़े नात, गूंजा या रसूल का नारा

रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल

ब्यूरो चीफ- महाराजगंज

एसडीएम, सीओ समेत पुलिस रही मुस्तैद, अमन-भाईचारे की दुआ के साथ हुआ समापन

महाराजगंज (सिसवा)

सिसवा नगर में बुधवार को ईद-ए-मिलादुन्नबी का त्योहार अकीदत के साथ मनाया गया। इस मौके पर अंजुमन की जानिब से जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें मदरसे के तल्बा समेत सैकड़ों आशिकाने रसूल शामिल रहे।

जुलूस में शामिल बच्चे सफेद टोपी लगाए हाथों में झंडा लिए हुए नात-ए-पाक और सलातो-सलाम पढ़ते हुए चल रहे थे। “आमदे मुस्तफा मरहबा” की सदाओं से पूरा नगर गूंज उठा। जगह-जगह लोगों ने जुलूस पर गुलपोशी की और इस्तकबाल किया।

जुलूसे मोहम्मदी नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ गुजरा। दौरान-ए-जुलूस उलमा ने कहा कि हुजूर की विलादत पूरी इंसानियत के लिए रहमत है। आपने दुनिया को मोहब्बत, इंसाफ और भाईचारे का पैगाम दिया। आपकी सीरत पर चलना ही कामयाबी है।

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट रहा। एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता, सीओ रवींद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष कोठीभार अखिलेश वर्मा व चौकी प्रभारी सिसवा दिव्यप्रकाश मौर्य पुलिस फोर्स के साथ जुलूस के साथ-साथ चलते रहे।

आखिरी में मुल्क में अमनो-अमान, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए दुआ कर जुलूस का समापन किया गया।