- रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
- ब्यूरो चीफ महाराजगंज
कोठीभार पुलिस ने शव को ग्रामीणों की मदद से तालाब से निकलवाया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
MAHARAJGANJ (सिसवा)
महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर खुर्द के एक तालाब में एक व्यक्ति का शव पाया गया है, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
कोठीभार थाने पर आज दिनांक 18.09.2026 को शाम करीब 7 बजे जरिये दूरभाष सूचना प्राप्त हुई थी कि रामपुर खुर्द के तालाब में एक शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और गांव वालों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान अमित चौबे पुत्र निक्कन चौबे, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी रामपुर खुर्द के रूप में हुई है।
परिवार ने बताई ये बात
मृतक के परिजनों को सूचना देकर पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी मायके गई हुई थी और मृतक नशे का सेवन करता था।
परिजनों के अनुसार मृतक कल दिनांक 17.09.2026 को सुबह 8:30 बजे घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं आया। परिजनों को लगा कि कहीं गया होगा, देर-सवेर आ जाएगा। इसी बीच आज तालाब में शव मिलने की सूचना मिल गई। परिजनों द्वारा शव मिलने से पूर्व थाने पर कोई गुमशुदगी की सूचना नहीं दी गई थी।
पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष, थाना कोठीभार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल पाएगा।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में अभी तक परिवार की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।

