सिसवा नगर पालिका को CM वैश्विक नगरोदय योजना में 17.01 करोड़ की सौगात, 10 करोड़ का कॉम्प्लेक्स और 20 दुकानों वाला वैश्विक बाजार बनेगा

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

सिसवा का बदलेगा नक्शा: 10 करोड़ के कॉम्प्लेक्स से लेकर वेस्ट टू वंडर पार्क तक, 6 स्कूल बनेंगे स्मार्ट

महाराजगंज (सिसवा)

कार्यालय नगर पालिका परिषद, सिसवा बाजार, जनपद-महराजगंज द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (CM-VNY) के तहत 1701.10 लाख (17.01 करोड़) की कार्ययोजना तैयार कर शासन को प्रेषित की गई है।

अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार ने पत्रांक संख्या 486/न0पा0प0 सिसवा/(2026-27) दिनांक 18/07/2026 के माध्यम से निदेशक, नगरीय निकाय निदेशालय, गोमती नगर विस्तार, लखनऊ को यह प्रस्ताव भेजा है। यह प्रस्ताव निदेशक के पत्रांक-140 दिनांक 23.06.2026 और शासनादेश संख्या 1013 दिनांक 29.05.2025 के प्रस्ताव 9.1.2 के अनुपालन में जिलाधिकारी महराजगंज के माध्यम से भेजा गया है।

प्रस्ताव के अनुसार नगर पालिका के अंतर्गत कुल 9 महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे, जिन्हें जनोपयोगी एवं औचित्यपूर्ण बताया गया है।

प्रस्तावित कार्यों का विवरण –

1. प्रशासनिक क्षेत्र – 30.00 लाख
वार्ड नं0 19, शिवाजी नगर में नगर पालिका के कार्यालय परिसर में स्मार्ट रिकॉर्ड रूम का निर्माण कार्य।

2. आर्थिक क्षेत्र – 1195.00 लाख
– नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के सीमान्तर्गत ₹10 करोड़ (₹1000 लाख) की लागत से कॉम्प्लेक्स का निर्माण।
– वार्ड नं0 05, गांधी नगर में वैश्विक नगर बाजार हेतु 20 दुकानों का निर्माण – 195 लाख।

3. सामाजिक क्षेत्र – 153.20 लाख
– स्थानीय निकाय के अंतर्गत संचालित 6 प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प एवं स्मार्ट क्लास का निर्माण – 111.60 लाख। इसमें वार्ड 01 के बुचियां, वार्ड 02 के विन्दवलिया, वार्ड 03 के हिमांचल छपरा, वार्ड 05 के सिसवा खुर्द, वार्ड 13 के भरपटिया और वार्ड 17 के असमन छपरा के प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं।
– वार्ड 03 और वार्ड 17 में स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय का कायाकल्प एवं स्मार्ट क्लास – 41.60 लाख।

4. पर्यावरण क्षेत्र – 48.00 लाख
वार्ड नं0 15, कबीर नगर के सिसवा-घुघली मुख्य मार्ग पर चिल्ड्रेन पार्क / वेस्ट टू वन्डर पार्क का निर्माण।

5. विरासत संरचना – 194.90 लाख
– वार्ड नं0 08/09 महाराणा प्रताप नगर/सरोजनी नगर में स्थित पोखरा/छठ घाट का विकास कार्य – 155 लाख।
– वार्ड नं0 13 देवी नगर में नगीना के मकान से परसादी कुशवाहा के मकान तक सी0सी0 रोड एवं नाली निर्माण – 39.90 लाख।

6. अन्य – 80.00 लाख
वार्ड नं0 02/23 लोहिया नगर/शास्त्री नगर में स्थित बीजापार चौराहा एवं वार्ड नं0 11 राजाजीपुरम में स्थित बेलचा चौराहा का सुंदरीकरण कार्य।

बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 13 अगस्त 2026 को हुई बैठक के बाद इस प्रस्ताव को अनुमोदन के लिए चयन समिति के माध्यम से शासन को भेजा गया है।