अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक गंभीर रूप से घायल, दोनों पैर क्षतिग्रस्त

  • रिपोर्ट: विकास कुमार जायसवाल
  • ब्यूरो चीफ महाराजगंज

सिंदुरिया-सिसवा मार्ग पर ड्रेन के पास की घटना, सिंदुरिया पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया

महाराजगंज (सिंदुरिया)

महाराजगंज जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा हरिहरपुर टोला गोबरही निवासी एक व्यक्ति बुधवार देर शाम घर जाते समय अज्ञात वाहन की ठोकर से गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सभा हरिहरपुर टोला गोबरही निवासी पुजारी पुत्र बनारसी उम्र 50 वर्ष बुधवार शाम किसी काम से सिंदुरिया चौराहे पर आए थे। वापस पैदल घर लौटते समय सिंदुरिया-सिसवा मार्ग पर स्थित ड्रेन के समीप पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। ठोकर से वह जमीन पर गिर गए और उनके दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिंदुरिया पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस से घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में सिंदुरिया थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है, तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।